गोरखनाथ क्षेत्र का मामला, थाने में समझौते के बाद भी नहीं सुधरा व्यापारी
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में एक युवक रोहित की हरकतों से परेशान युवती और उसके परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि आरोपी व्यापारी है। कोचिंग जाते समय युवती का पीछा कर छेड़खानी करता है। पुलिस ने मामले में आरोपी रोहित और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती के पिता ने गोरखनाथ थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी रोजाना कोचिंग जाती है। इलाके में ही दुकान चलाने वाला रोहित आए दिन बेटी का पीछा कर अश्लील हरकत करता है। कई बार उसे समझाया, लेकिन उसने अपनी हरकतें नहीं छोड़ीं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर समझौता भी कराया। उस समय आरोपी ने गलती मानते हुए दोबारा ऐसी हरकत न करने की बात कही थी। लेकिन, थाने से लौटने के कुछ ही दिनों बाद उसने फिर युवती को फोन और संदेश भेजना शुरू कर दिया। जब युवती ने फोन उठाना बंद किया तो आरोपी नाराज होकर अपने करीब दस साथियों के साथ घर पहुंच गया। आरोप है कि वहां उसने गाली-गलौज की और परिजनों को धमकाया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि केस दर्ज आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।