25 जुलाई को पादरी बाजार के रहने वाले अशोक जायसवाल का हुआ था अपहरण
करुणेश दुबे और कमालुद्दीन वारदात के मास्टरमाइंड, करुणेश को पुलिस गिरफ्तार कर भिजवा चुकी है जेल
गोरखपुर। रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अशोक जायसवाल के अपहरण के मामले में आरोपी कमालुद्दीन पर एसएसपी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसे और तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार के अशोक जायसवाल का 25 जुलाई की सुबह 5:30 बजे कौवाबाग अंडरपास के पास अपहरण हो गया था। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में सिकरीगंज क्षेत्र के ढेबरा बुजुर्ग निवासी श्याम सुंदर उर्फ गुड्डू यादव, बलुआ उर्फ बकुसड़क निवासी जनार्दन गौड़ और बेलघाट के चौतरा पट्टी निवासी करुणेश कुमार दुबे को गिरफ्तार किया है। सिकरीगंज के जद्दू पट्टी निवासी कमालुद्दीन उर्फ कमालू, ढेबरा निवासी प्रीतम कुमार, गीडा थाना क्षेत्र के कोलिया दक्षिण निवासी शेरू सिंह और अंश की पुलिस तलाश कर रही है। अब कमालुद्दीन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। माना जा रहा है कि कमालुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद ही अशोक जायसवाल के अपहरण की गुत्थी सुलझ पाएगी। सोमवार को क्राइम ब्रांच ने सिकरीगंज इलाके में दबिश डाला है। वहां उसके उठाए जाने की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
करुणेश और कमालु ने रची थी साजिश
अपहरण कांड में पुलिस की जांच में सामने आया है कि करुणेश दुबे और कमालुद्दीन ने ही साजिश रची थी। दोनों दो महीने से अशोक की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। फिरौती की रकम लेने आए करुणेश को पुलिस ने दबोच लिया था। अब कमालुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
यह है मामला
शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पादरी बाजार निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अशोक जायसवाल जॉगिंग और स्विमिंग के लिए साइकिल से रेलवे स्टेडियम जा रहे थे। कौवाबाग अंडरपास के पास कार सवार बदमाश उनका अपहरण कर ले गए। करीब चार घंटे बाद पत्नी डॉ. सुषमा जायसवाल के फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई। बदमाशों ने अशोक जायसवाल से बात कराई। इसके बाद फिरौती के रूप में एक करोड़ रुपये की मांग की। पत्नी की सूचना के बाद शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने ऑपरेशन अशोक के लिए छह टीमें गठित कीं। 12 घंटे के अंदर उन्हें खोज निकाला और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन...
कमालुद्दीन समेत चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कमालुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद कुछ और जानकारी सामने आएगी। इसमें अगर किसी और की भूमिका सामने आई तो उनका भी केस में नाम बढ़ाया जाएगा।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी