एसएसपी ने विभिन्न थानों के वांछित आरोपियों पर घोषित किया इनाम
गोरखपुर। पिपराइच क्षेत्र के महुआचाफी में दीपक गुप्ता हत्यकांड के बाद पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब पुलिस ने पशु तस्करी और उससे जुड़े सात वांछित तस्करों की सूची जारी की है। एसएसपी राजकरन नय्यर ने थानेदारों की रिपोर्ट के आधार पर इन सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी गोरखपुर, कुशीनगर और बिहार के निवासी हैं।
घोषित इनामी बदमाशों में हरपुर-बुदहट के घोटवा गांव का हनीफ शामिल है, जिस पर दो माह पहले गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा, गुलरिहा थाना क्षेत्र के हरिसेवकपुर निवासी सतीश यादव है, जिस पर थाना एम्स में तीन माह पहले कार्रवाई हुई थी। इसी केस में कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हरदो गांव का तौसीफ आलम शेख भी वांछित है। कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी अजय कुमार गौड़ और पडरौना कोतवाली के बसहिया बनवीरपुर गांव के परवेज आलम भी गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित है। थाना खोराबार में इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज है। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोहल्ला कुरेशियन, बघरा थाना तिताबी निवासी सिद्धू उर्फ सिंटू उर्फ वाशिद अली और गोपालगंज के गोपालपुर स्थित अहिरौली दुबौली टोला तकिया के मुस्ताक अहमद हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमें लगातार इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।