कुल 25 पाठ्यक्रमों में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक छात्रों ने लिया प्रवेश
कई विषयों की रिक्त सीटों पर चल रही प्रवेश प्रक्रिया, संख्या पहुंचेगी आठ हजार के पार
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में सत्र 2025-26 में रिकॉर्ड 7,900 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार इतनी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। कई विषयों में रिक्त सीटों पर अभी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह संख्या 8,000 के पार पहुंच जाएगी।
डीडीयू में एडमिशन सेल के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा के मुताबिक, सत्र 2024-25 में पहली बार 7,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिला था। तब 7,417 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। पिछली बार की तुलना में इस बार लगभग 500 अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। पिछले वर्ष की तुलना में कुल 25 पाठ्यक्रमों में ज्यादा प्रवेश के कारण ऐसा हुआ है। पिछले वर्ष बीफार्म में 66 से बढ़कर इस बार 107 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। बीसीए आईओटी में पिछले वर्ष के 15 की तुलना में 70, बीसीए (एमएलडीएस) में 57 की तुलना में 73, बीकॉम में 529 की जगह 547, बीएससी में 454 की तुलना में 535, बीटेक में 371 की तुलना में 449, एलएलएम में 40 की तुलना में 65 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है।
-
बीए में 2000 से अधिक ने लिया प्रवेश
बीए में इस बार कुल 2043 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। पिछले वर्ष 1989 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। सत्र 2023-24 में 1739, 2022-23 में 2034, 2021-22 में 1885 विद्यार्थियों ने बीए में प्रवेश लिया था। प्रो. हर्ष सिन्हा बताते हैं, पहली बार बीए में ऑनलाइन काउंसिलिंग के जरिये प्रवेश लिया गया। ऑनलाइन माध्यम से सुगमता के कारण इस बार अधिक संख्या में छात्रों ने प्रवेश लिया।
-
वर्षवार प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी
सत्र संख्या
2025-26 7911*
2024-25 7417
2023-24 6041
2022-23 6480
2021-22 5824
-
कोट
एडमिशन सेल के प्रयोगों और प्रयासों, यूजर फ्रेंडली होने, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग व छात्र हित में लिए गए निर्णय के कारण इस सत्र में प्रवेश बढ़े हैं। विश्वविद्यालय छात्र हित में तत्पर है। इससे पता चलता है कि छात्रों का भरोसा विश्वविद्यालय पर निरंतर बढ़ रहा है।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू