बेलीपार के ककराखोर की घटना, आरोपी को पकड़कर ग्रामीणों ने पिटाई कर किया पुलिस के हवाले
महावीर छपरा (गोरखपुर)। बेलीपार इलाके के ककराखोर गांव में शुक्रवार शाम एक सिरफिरे युवक ने बुजुर्ग कैलाशी देवी (65) की कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने गांव के ही आरोपी लखन सिंह उर्फ गोलू (32) को पकड़कर पीटा और पुलिस के पहुंचने पर सौंप दिया। घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को बरामद कर घायल आरोपी को पुलिस अस्पताल ले गई।
इधर, सूचना पर एसपी साउथ जितेंद्र कुमार, सीओ बांसगांव दरवेश कुमार, थाना प्रभारी खजनी अर्चना सिंह और थाना प्रभारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
पुलिस ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी लखन सिंह उर्फ गोलू सिंह मनबढ़ किस्म का है। आए दिन लोगों से विवाद करता रहता है। बेवजह किसी के भी घर में घुस जाता है। शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे वह कुल्हाड़ी लेकर गांव के ही योगेंद्र सिंह के घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा। इस दौरान उनकी बहू देखते ही खुद को कमरे में बंद कर लिया। फिर वह घर के सामने का दरवाजा तोड़कर बाहर निकला। घर के दरवाजे पर चार-पांच बच्चे एक पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ रहे थे, उन्हें कुल्हाड़ी लेकर दौड़ लिया। किसी तरह बच्चों ने भागकर जान बचाई।
इसके बाद फिर योगेंद्र सिंह के घर के पास पहुंचा। वहां दरवाजे पर उनकी पत्नी कैलाशी देवी बैठी थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी उनके गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे उनका सिर धड़ से अलग हो गया और घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई। इस बात की खबर पाते ही उनके पड़ोसी और गांव के लोग घेराबंदी कर आरोपी को दौड़कर पकड़ लिए और पिटाई कर उसे एक पेड़ से बांधकर बेलीपार पुलिस को सूचना दी।
छात्रा को चाकू मारा था, दरोगा पर भी कर चुका है हमला
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी लखन सिंह पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। आरोपी किशोर अवस्था में ही अपराध करने लगा था। वर्ष 2006-07 में वह महावीर छपरा स्थित एक इंटर कॉलेज में एक छात्रा को चाकू मार दिया था। इस पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। गांव में भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। करीब एक वर्ष पूर्व एक दरोगा से भी मारपीट की थी। दोपहर में गांव के रणवीर सिंह के दरवाजे पर भी चाकू लेकर चढ़ गया था तो वहां पर उपस्थित लोगों ने सख्ती दिखाकर उसे भगा दिया था।
कोट-
आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके पास से कुल्हाड़ी भी बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- जितेंद्र कुमार, एसपी दक्षिणी