कैंपियरगंज क्षेत्र के मराठा गांव का मामला, घायल हिरन का डाॅक्टर ने किया इलाज
कैंपियरगंज। क्षेत्र के मराठा गांव में कहीं से भटक कर आए हिरण के शावक पर बुधवार को कुत्तों के झुंड ने हमला कर कर दिया। ग्रामीणों ने बमुश्किल शावक को कुत्तों के चंगुल से बचाते हुए इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने घायल शावक का उपचार कराया।
क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों ने उत्पात मचा रखा है। कुत्तों के झुंड अब इंसानों के साथ ही जानवरों पर भी हमलावर हो रहे हैं। बुधवार को क्षेत्र के मराठा गांव में कुत्तों के झुंड ने हिरण के शावक को पकड़ लिया और नोचना शुरू कर दिया। यह देख मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कुत्तों को मारपीट कर भगाते हुए शावक को बचाया। सूचना पाकर वन विभाग व पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सालय के डाॅ. बृजेश पटेल ने स्टाफ के साथ मिलकर घायल हिरण के शावक का इलाज किया। उसके बाद शावक को वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। रेंजर समर सिंह यादव ने बताया कि फाॅरेस्टर मौके पर गए थे। इलाज कराकर शावक को रेंज कार्यालय लाकर रखा गया है। उसकी हालत गंभीर है। स्वस्थ्य होने के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा।