गोरखपुर। शहर में कुल 970 लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। इसको देखते हुए पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। दिवाली के साथ छठ को देखते हुए इस बार पहले से ही बाजारों में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया जाएगा। रविवार से शहर के भीतर 45 जगहों पर पुलिस पिकेट लगेगी। इसमें तैनात पुलिसकर्मी बाजार की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मुख्य बाजारों, ज्वेलरी की प्रमुख दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास अलग से पुलिस पिकेट तैनात की गई है।
लक्ष्मी और गणेश की स्थापना वाली जगहों की जानकारी पुलिस ने जुटाई है। प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों से बातचीत की है। पंडालों में सुरक्षा के समुचित उपाय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य व्यवस्था भी आयोजक को करनी होगी।
बाजार है गुलजार
दिवाली और छठ पूजा के लिए बाजार गुलजार हो गया है। ज्वेलरी, कपड़े सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। भीड़ को देखकर आपराधिक तत्व भी सक्रिय हो जाते हैं। उनको काबू करने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की गई है। थाना और चौकी पुलिस अतिरिक्त अलग से पिकेट लगाने के इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से अलीनगर, घंटाघर, साहबगंज, गोलघर सहित अन्य प्रमुख जगहों पर पुलिस पिकेट के लिए कुल 45 स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर सुबह से लेकर देर रात तक 12-12 घंटे की शिफ्ट में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। बड़ी पिकेट पर तीन से चार और छोटी पिकेट पर दो असलहाधारी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। पिकेट की जांच सीओ करेंगे।
वर्जन-
त्योहारों को देखते हुए बाजारों में पुलिस का प्रबंध किया गया है। प्रमुख बाजारों सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस पिकेट रविवार से तैनात कर दी जाएगी। संदिग्धों की औचक जांच कराई जाएगी।
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी