गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में योग दिवस पर शनिवार को ''''एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य'''' के संदेश के साथ सामूहिक योग एवं सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुल 39,789 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 3,579 प्रतिभागी विश्वविद्यालय परिसर में और 36,210 प्रतिभागी संबद्ध महाविद्यालयों में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अभ्यास के साथ हुई। सुबह बजे से ‘एक साथ सूर्य नमस्कार’ कार्यक्रम के तहत विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि एक साथ सूर्य नमस्कार योग क्रिया के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत, अनुशासन और वैश्विक समरसता का प्रतीक है। यह आयोजन योग को एक जनआंदोलन के रूप में स्थापित कर भारत की प्राचीन परंपरा को वैश्विक मंच तक ले जाने का प्रयास है। संयोजन डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दूबे ने किया। डॉ. सत्यपाल सिंह व डॉ. आमोद राय इसके नोडल अधिकारी थे। डॉ. मनीष पांडेय (गोरखपुर), डॉ. सुनील कुमार सिंह (कुशीनगर) और डॉ. संजय तिवारी (देवरिया) को जिला संयोजक नियुक्त किया गया था।