एम्स में सोमवार से सैनिक कल्याण निगम के पूर्व सैनिकों का शुरू होगा प्रशिक्षण
पहले से कार्यरत कोर कंपनी के 450 गार्डों की सेवा होगी समाप्त
गोरखपुर (एम्स)। एम्स की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा पूर्व सैनिकों को सौंपा गया है। सैनिक कल्याण निगम के करीबन 300 पूर्व सैनिकों का एम्स में सोमवार से प्रशिक्षण शुरू हो रहा है। इन्हें एम्स की व्यवस्था, मरीजों की देखभाल एवं आपात स्थिति के तैयारी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 जून से पूरी तरह सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल लेंगे।
एम्स में स्थापना के समय से ही कोर कंपनी के गार्ड तैनात थे। पुरुष और महिला मिलाकर 450 गार्ड कार्यरत थे। बीते महीने उनका टेंडर समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सभी को हटाने का निर्णय लिया। विरोध के चलते पहले उन्हें 30 जून तक कार्य पर बने रहने की छूट दी गई थी। फिर इसे घटाकर 15 जून कर दिया गया है। एम्स के पहले दीक्षांत समारोह से पूर्व सुरक्षा की जिम्मेदारी पूर्व सैनिकों को पूरी तरह से सौंपने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। 9 से 15 जून तक होने वाले प्रशिक्षण में पूर्व सैनिकों को एम्स की कार्यप्रणाली, मरीजों और तीमारदारों से व्यवहार के तरीके, छात्रावास सुरक्षा, आपात स्थिति में कार्रवाई की प्रक्रिया समेत सभी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
एम्स की कार्यकारी निदेशक विभा दत्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से हमें 300 पूर्व सैनिक आवंटित किए गए हैं। ऐसे में सुरक्षा की जिम्मेदारी की कमान देने से पहले उन्हें एम्स की कार्यप्रणाली एवं मरीजों व तीमारदारों से व्यवहार व सहायता की जिम्मेदारी के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।