त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के लिए वार्डों का परिसीमन पूरा
अंनतिम सूची जारी, दो अगस्त तक मांगी गई आपत्ति
गोरखपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के लिए वार्डों के परिसीमन का अनंतिम प्रकाशन मंगलवार को जारी हो गया। जिले में तीन ब्लॉक उरुवा, पाली व बड़हलगंज में 30 वार्ड कम हो गए हैं। पिछली बार के 1700 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की तुलना में इस बार 1670 क्षेत्र पंचायत ही चुने जाएंगे। जिला पंचायत में भी एक सीट कम हो गई है। परिसीमन पर दो अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इनके निस्तारण के बाद वार्डों के परिसीमन की अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।
शासन ने हाल में निकाय में शामिल होने के बाद प्रभावित हुई पंचायतों का परिसीमन और वार्ड निर्धारण करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद पंचायती राज विभाग ने इसका काम शुरू किया था। डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में तीन ब्लॉक उरुवा, पाली व बड़हलगंज की 65 हजार की आबादी निकाय क्षेत्र विस्तार के समय कम हो गई थी। इस कारण जिले में 1273 ही पंचायतें रह गईं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को अनंतिम प्रकाशन जारी कर दिया गया है। इसमें उरुवा ब्लॉक में 12, बड़हलगंज में सात, और पाली में 11 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सीट कम हो गई है। अब जिले में 1670 क्षेत्र पंचायत की सीटें रह गई हैं। वहीं जिला पंचायत की सीट 68 से घटकर 67 हो गई है। दो अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई है।