गोरखपुर। नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति की बैठक में ऐलान किया गया कि 21 अगस्त को प्रांतीय बैठक के निर्णय का अनुपालन करते हुए 25 अक्तूबर तक वार्ता एवं बैठक कर उनकी 13 सूत्रीय मांगों पर सार्थक निर्णय नहीं लिया गया तो 26 अक्तूबर को निगम कार्यालय में काम काज ठप रखा जाएगा। इसकी सभी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
रविवार को स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के मांगों के समर्थन में समन्वय समिति ने उक्त निर्णय लिया है। समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता और राजेश कुमार श्रीवास्तव के संचालन में यह निर्णय लिया गया। राम प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं नगर विकास को पिछले कई वर्षों से महासंघ अपनी 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में लगातार पत्राचार, ज्ञापन और धरना प्रदर्शन एवं शासन स्तर बैठकें कर रहा है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बैठक में कर्मचारी नेता शक्ति प्रकाश मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव,गौरी शंकर, छेदीलाल, शिवचरण, राम गोपाल मिश्रा, राम मूर्ति पांडेय, सियाराम सिंह, रामचंद्र, आलमगीर, मकबूल, मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद शकील, शिवा आदि उपस्थित रहे।