रेलवे स्टेशन पर एक स्टॉल के वेंडर की करतूत का वीडियो सामने आने पर हुई कार्रवाई
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर बासी अंडा बिरयानी से अंडा निकालकर दोबारा यात्रियों को देने का मामला सामने आया है। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद रेल प्रशासन ने जांच कराई और वेंडर से पूछताछ के बाद मामला सही पाए जाने पर सोमवार को स्टॉल संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
स्टेशन पर खानपान के स्टॉल पर इसके पहले इमर्शन रॉड से चाय बनाने, उंगलियों से कॉफी बनाने का मामला सामने आया था। शनिवार को गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर बासी बिरयानी से अंडा निकालकर दोबारा से यात्रियों को परोसा जा रहा था। इसका वीडियो बनाकर किसी यात्री ने अधिकारियों को भेज दिया। पूरे मामले का वीडियो आने के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रेल अफसरों ने वेंडर से जब पूछताछ कि तो उसने बताया कि सुबह करीब 100 से 120 पैकेट अंडा बिरयानी बनकर आ जाता है। उसमें कुछ बच जाता है। बचा अंडा कुछ घंटे बाद खराब होने लगता है जिससे चावल से महक आने लगती है। चावल फेंककर अंडा रख लिया जाता है। स्टेशन प्रबंधन ने सोमवार को स्टाल संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया।