फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: नगर निगम बनाएगा आवासीय कॉलोनी, स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी पास

Mon, 02 Aug 2021 02:49 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट लांच करने की योजना। 150 से 200 करोड़ रुपये का हो सकता है नगर निगम का प्रोजेक्ट।
विज्ञापन
गोरखपुर नगर निगम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अपनी आय के संसाधन बढ़ाने के लिए गोरखपुर नगर निगम शहर में आवासीय कॉलोनी बनाएगा। प्रारंभिक चरण में इसकी शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर से हो सकती है। नगर निगम का यह प्रोजेक्ट 150 से 200 करोड़ रुपये का हो सकता है। नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जा सकता है।  
विज्ञापन


शासन की ओर से नगर निगम को अपनी आय के संसाधन और स्रोतों को विकसित करने के लिए कहा जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम शहर में ग्रुप हाउसिंग, मल्टीस्टोरी बिल्डिंग और शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने के अलावा विभिन्न वार्डों में अपने छोटे-छोटे भूखंडों को नीलाम करने की योजना पर काम कर रहा है। 

योजना के क्रियान्वयन के लिए हाल ही में नगर निगम में शामिल 32 गांवों के अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में नगर निगम की संपत्तियों का विवरण तैयार किया जा रहा है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश के बाद नगर निगम की राजस्व विभाग की टीम इस कार्य में जुट गई है। 
विज्ञापन


शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर स्थित निगम की तकरीबन पांच एकड़ जमीन पर आवासीय योजना बनाने से की जा रही है। इस जगह निगम की आठ एकड़ जमीन थी, जिसमें से तीन एकड़ जल निगम को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए दी जा चुकी है। 

शेष पांच एकड़ जमीन में 250 से 300 प्लॉट बनाने की संभावना है। तीन हजार से 3500 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से प्लॉट बेचकर नगर निगम करोड़ों की आमदनी कर सकता है।  
विज्ञापन

हाईटेंशन तार की बाधा दूर

नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर भी नगर निगम की ही देन है। इस कॉलोनी को नगर निगम ने ही बसाया है। अब अपनी आय के संसाधन बढ़ाने के मकसद से निगम प्रशासन बची जमीन पर आवासीय कॉलोनी बनाने की योजना बना रहा है। इसमें बाधक बन रहा हाईटेंशन तार भी शिफ्ट किया जा चुका है।

स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी पास
तकरीबन पांच साल पहले नगर निगम बोर्ड एवं कार्यकारिणी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर की पांच एकड़ जमीन पर स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव पास किया था। अब यह मामला ठंडे बस्ते में जा चुका है। नगर निगम ने इस जमीन के इस्तेमाल की नई योजना तैयार की है।

नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार नगर निगम अपने आय के स्रोत विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में नगर निगम की जमीन पर ग्रुप हाउसिंग, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग और शॉपिंग कांप्लेक्स विकसित करने की निगम की योजना है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में आवासीय कॉलोनी की योजना तैयार की गई है। तकनीकी पार्टनर के रूप में एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को शामिल किया जा रहा है। प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया है। आगामी बोर्ड बैठक में इसका प्रारूप सदन के सामने रखा जाएगा।

नगर निगम बोर्ड की बैठक कल
नगर निगम बोर्ड की बैठक तीन अगस्त को होगी। नगर निगम के उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि बोर्ड बैठक नगर निगम सदन के हाल में होगी। संभव है कि कोरोना संक्रमण से दिवंगत हुए पार्षदों और शहर के लोगों को श्रद्धांजलि देकर बैठक स्थगित कर दी जाए। मेयर सीताराम जायसवाल ने बताया कि तीन अगस्त को बोर्ड की संक्षिप्त बैठक होगी। अगले एक सप्ताह के अंदर एनेक्सी भवन में नगर निगम की बोर्ड बैठक आयोजित होगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें