नगर निगम ने जलकल परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन में लापरवाही बरतने पर बशारतपुर स्थित मेसर्स श्रृनिका ट्रांसपोर्ट एंड ट्रेडिंग कंपनी का ठेका निरस्त करने के साथ ही उसे काली सूची में डालने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम बकाया किराए की वसूली के लिए आरसी भी जारी करेगा।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने निविदा की शर्तों का उल्लंघन किया है। न तो समय पर लाइसेंस फीस जमा किया और न ही नवीनीकरण की औपचारिकताएं पूर्ण की। फर्म को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 12.45 लाख व 2025-26 के लिए 13.07 लाख यानी कुल 25.53 लाख रुपये जमा करने थे।
जमा करने की अंतिम तिथि बीत चुकी है। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी फर्म ने न तो कोई धनराशि जमा की और न ही कोई स्पष्टीकरण दिया। नगर निगम ने पहले भी 16 अगस्त 2024 और विगत 19 जून को पत्र जारी कर कंपनी को चेतावनी दी थी, लेकिन इनका कोई संज्ञान नहीं लिया गया। तीन जुलाई को नगर निगम ने अंतिम नोटिस जारी करते हुए सात दिनों की मोहलत दी है।