सदर सांसद रवि किशन के पिता श्याम नारायण शुक्ल का मंगलवार की रात काशी में निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही पूरा परिवार शोक में डूब गया। सूचना मिलते ही रवि किशन के संसदीय क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
सांसद रवि किशन के 92 वर्षीय पिता श्याम नारायण शुक्ल कई माह से बीमार चल रहे थे। उनका मुंबई में इलाज चल रहा था। तबीयत में सुधार नहीं होते देख पिता ने वाराणसी में अपना शरीर त्यागने की इच्छा जताई, जिस पर 15 दिन पहले उनके पिता को वाराणसी लाया गया। मंगलवार की रात करीब 11 बजे सांसद रवि किशन के पिता का निधन हो गया।
सदर सांसद ने अपने जीवन में पिता को ही अपना गुरु माना। इसके अलावा उन्होंने किसी को अपना गुरु नहीं माना। पिता के ही सिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए रवि किशन ने नया मुकाम हासिल किया। रवि किशन मूल रूप से वह जौनपुर जिले के केराकत गांव के रहने वाले थे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को वाराणसी में किया जाएगा।