गोरखपुर विश्वविद्यालय में माइक्रोबायोलॉजी
एवं स्टैटिक्स का बनेगा अलग विभाग
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक भवन स्थित कमेटी कक्ष में समस्त संकाय एवं विभाग के अध्यक्षों के साथ बैठक की। सभी से उनके विभाग से संबंधित विवरण लिए तथा विभिन्न मुद्दों पर विमर्श हुआ।
कुलपति ने कहा कि विज्ञान संकाय से संबंधित माइक्रोबायोलॉजी एवं स्टैटिक्स का अलग विभाग बनेगा। कहा कि संसाधनों की समस्या नहीं होगी। अधिक से अधिक नए पाठ्यक्रमों का प्रस्ताव बनाकर दें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर डिप्रेस्ड फीमेल चाइल्ड’ की भी स्थापना होनी चाहिए। लाइब्रेरी का सौ प्रतिशत डिजिटलाइजेशन करना होगा तथा शीघ्र ही विश्वविद्यालय ई-लाइब्रेरी पर वर्कशॉप का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि हम शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग में अपना स्थान बनाएंगे। बैठक में कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश, सभी संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
::::
सात दिवसीय कोर्स का शुभारंभ आज से
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के एचआरडी सेंटर और समाजशास्त्र विभाग की ओर से ‘जेंडर सेंसिटाइजेशन इन कंटेंपरेरी इंडिया: इश्यूज एंड कंसर्न्स’ विषय पर सात दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स का ऑनलाइन आयोजन मंगलवार को होगा। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राजेश सिंह करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी होंगे। विशिष्ट अतिथि कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. नंदिता सिंह होंगी। यह जानकारी एचआरडी सेंटर के निदेशक प्रो. हिमांशु पांडेय ने दी।