गोरखपुर महोत्सव का शुभारंभ करते पर्यटन राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी
- फोटो : amarujala
तीन दिवसीय गोरखपुर महोत्सव का शनिवार को भव्य आगाज हुआ। दिव्यांग बच्चों ने राष्ट्रगान से महोत्सव स्थल पर लगे मुख्य मंच पर कार्यक्रमों की शुरुआत की। महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पर्यटन राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि महोत्सव किसी भी देश-प्रदेश, क्षेत्र व समाज के सांस्कृतिक पक्ष को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की तमाम संभावनाएं थीं लेकिन पिछली सरकारों की उपेक्षा के चलते आजादी के बाद इस पर कोई कार्य नहीं किया गया। केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की संस्कृति-धरोहरों को सजाने-संजोने का काम हो रहा है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि दुनिया में बहुत से ऐसे छोटे- छोटे देश हैं, जिनकी आय का मुख्य साधन पर्यटन है। इन देशों की तुलना में हमारे प्रदेश में बहुत से पर्यटन के केंद्र हैं।
हर जिला अपने आप में पर्यटन का केंद्र है मगर उसे विकसित नहीं किया जा सका, यह काम मोदी और योगी के हाथों ही संभव हो सका। अयोध्या और ब्रज जैसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरें हमारे प्रदेश में हैं। उन्हें अब तेजी से विकसित किया जा रहा है। इसके चलते विश्व भर से पर्यटकों की आवक प्रदेश में बढ़ी है। अयोध्या में मंदिर निर्माण का सपना मोदी और योगी सरकार में ही पूरा हो सका। जल्द ही मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।
कहा कि काशी के साथ ही गोरखपुर में भी पर्यटन के सभी केंद्र विकसित किये जा रहे हैं। बीते वर्ष प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले की चर्चा करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि कुंभ को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देकर देश की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर में पहुँचाने का काम योगी सरकार ने किया।
महोत्सव के उद्घाटन मौके पर आगंतुको का स्वागत कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने किया। आभार ज्ञापन डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने किया। इस मौके पर सांसद रवि किशन, मेयर सीता राम जायसवाल, नगर विधायक डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, विपिन सिंह आदि मौजूद रहे। इस मौके पर बनारस घराने की मशहूर नृत्यांगना जयंती माला ने अपने कथक नृत्य से समां बांधा ।