कार्यक्रम की प्रस्तुति देतीं कलाकार।
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय टैलेंट हंट प्रतियोगिता का समापन शनिवार को भव्य तरीके से हुआ। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित इस टैलेंट हंट आडिशन में शहर समेत आसपास के क्षेत्रों से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोक गीत, सुगम संगीत, एकल एवं समूह नृत्य, वाद्यवृंद, नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी कला का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को कुल 109 प्रतिभागियों ने अपने-अपने हुनर की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कई प्रस्तुतियों पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सचिव पुष्पराज सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला क्षमता को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत कर सकें। इस अवसर पर राजकीय बौद्ध संग्रहालय के उप निदेशक डॉ. यशवंत सिंह राठौर ने भी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।