गोरखपुर महोत्सव की तैयारी को लेकर आयोजित टैलेंट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते प्रतिभागी ।
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव को लेकर आयोजित दो दिवसीय टैलेंट हंट ऑडिशन के पहले दिन शुक्रवार को कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसमें लोकगीत, सुगम संगीत, एकल एवं समूह नृत्य, वाद्य वृंद, नाटक आदि विधाओं में कुल 82 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों की हर प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठता रहा। शुक्रवार को टैलेंट हंट ऑडिशन का उद्घाटन जीडीए के सचिव पुष्पराज सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलता है और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलता है। निर्णायक की भूमिका रानू जानसन, वंदना दास, रामदरश शर्मा, राकेश उपाध्याय, डाॅ. प्रदीप साहनी, हृदया त्रिपाठी, रीता श्रीवास्तव, रंजना श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, सोनिका सिंह, डाॅ. निशी अग्रवाल व रीना जायसवाल आदि ने निभाई। शनिवार को ऑडिशन का समापन होगा।