पालतू कुत्ते की तेरहवीं मना रहा परिवार
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर के आजाद नगर में एक परिवार अपने सात वर्षीय पालतू कुत्ते बफी के निधन से दुखी है। परिवार ने उसकी याद में तेरहवीं और ब्रह्मभोज का आयोजन किया है। इसके लिए बाकायदा श्रद्धांजलि कार्ड छपवाकर रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में सुंदरकांड का पाठ भी रखा गया है। 15 अक्तूबर को शाम चार बजे ब्रह्मभोज के दौरान ब्राह्मणों को भोजन कराया जाएगा।
आजाद नगर निवासी सुरसरी प्रसाद मिश्र के बेटे अनिल मिश्र को पालतू जानवरों से बेहद लगाव है। करीब सात साल पहले वह एक कुत्ते को घर लाए थे। परिवार ने उसका नाम बफी रखा। धीरे-धीरे बफी परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गया। घर के सभी सदस्यों का उससे गहरा जुड़ाव हो गया था। रिश्तेदार भी उसे काफी स्नेह करते थे।
इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान
परिवार के मुताबिक, अचानक बफी की तबीयत खराब हो गई। उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां जांच में उसके पेट में अल्सर होने की जानकारी मिली। इलाज के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। बफी के निधन से परिवार के सदस्य बेहद दुखी हैं।
अनिल मिश्र ने बताया कि बफी से परिवार का गहरा लगाव था। उसके जाने से सभी को काफी दुख पहुंचा है। उसकी याद को संजोने और उसे श्रद्धांजलि देने के लिए परिवार ने कार्ड छपवाकर लोगों को ब्रह्मभोज में आमंत्रित किया है।
विनम्र श्रद्धांजलि का संदेश
परिवार की ओर से छपवाए गए कार्ड पर सबसे ऊपर ‘विनम्र श्रद्धांजलि’ लिखा है। इसके नीचे ‘स्व. बफी के ब्रह्मभोज पर आमंत्रण’ दिया गया है। कार्ड पर बफी की तस्वीर को सुनहरे रंग की सजावट के बीच जगह दी गई है। निमंत्रण के अनुसार, 15 अक्तूबर को शाम चार बजे आजाद नगर स्थित मकान नंबर 454 बी में ब्रह्मभोज का आयोजन निर्धारित है। परिवार की यह पहल पालतू जानवरों के प्रति उसके गहरे स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है।