गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक (एमएलसी) निर्वाचन के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन अब मतदान की तैयारियों में जुट गया है। निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले 17 जिलों में कुल 321 बूथ बनाए गए हैं। गोरखपुर में 56 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 26 बूथ शहर के विभिन्न विद्यालयों में तो बाकी के 30 बूथ क्षेत्र पंचायतों में बनाए गए हैं। कई क्षेत्र पंचायतों में दो-दो बूथ बनाए गए हैं।
मतदान के मद्देनजर 260 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी बूथों पर एक पीठासीन अधिकारी समेत चार कर्मचारी तैनात रहेंगे। 10 फीसदी कर्मचारी आरक्षित श्रेणी में रहेंगे। मतदान कर्मचारियों को बुधवार को सुबह 11 बजे से एनेक्सी भवन सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैलेट बाक्स से मतदान कराया जाएगा। मतदान के लिए मुहर का इस्तेमाल नहीं होगा। वरीयता देने के लिए पेन उपलब्ध कराया जाएगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले कुल 17 जिलों से 2.48 लाख वोटर, प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेंगे। इनमें 1.64 लाख पुरुष तो 84 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। 30 जनवरी को मतदान होगा। मतगणना दो फरवरी 2023 को होगी।