गोरखपुर। रविवार सुबह रिमझिम बारिश ने शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था की पोल खोल दी। सुबह पांच बजे से शहर के अलग-अलग इलाकों में 30 हजार घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। गीडा के आवासीय और औद्योगिक क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में सुबह पांच बजे से बिजली गुल हो गई। ऐसे ही, नार्मल, रूस्तमपुर, रानीबाग, नंदा नगर, मोहद्दीपुर, विजय चौक, बक्शीपुर, समेत अन्य इलाकों में अलग-अलग दिक्कतों से बिजली आपूर्ति ठप रही।गीडा इलाके के औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले धुएं और सड़क की धूल से आपूर्ति संकट हो गया। पानी पड़ते ही जंपर और खंभे से केबल का ज्वाइंट टूट गया। इसी बीच एक टेंपो की टक्कर से नौसढ़ से सहजनवां तक तीन जगह बिजली के खंभे और केबल टूट गए। इसी बीच नार्मल के जगरन्नाथपुर इलाके में ट्रांसफार्मर से जुड़ी थ्री फेज की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इससे सुबह से सात बजे दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
रूस्तमपुर इलाके में शार्ट सर्किट से फाल्ट हो गया। बारिश के बीच बिजली घर बंद कर आपूर्ति बहाल की गई। इससे रानीबाग इलाके में भी बिजली आपूर्ति ठप रही। बक्शीपुर खंड के विकास नगर बिजली घर का खेतान फीडर भी सुबह छह से दोपहर दो बजे तक बंद रहा। इलाके में बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया था। यहां फाल्ट के कारण आपूर्ति ठप हो गई। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि बिजली घर बंद होने की कहीं सूचना नहीं थी। हल्की बारिश से कुछ लोकल फाल्ट से बिजली आपूर्ति जरूर प्रभावित थी।