गोरखपुर जिला प्रशासन ने निजी संस्थाओं या व्यक्तिगत तौर पर किसी जरूरतमंद या गरीब को भोजन या किसी भी तरह की राहत सामग्री वितरित करने पर रोक लगा दी है। यही नहीं भोजन या खाद्य पदार्थ के वितरण के दौरान सेल्फी और फोटोग्राफी भी पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
दरअसल यह बात सामने आई है कि लोग भोजन या खाद्यान्न बांटते समय सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रख रहे हैं। भीड़ इकट्ठा हो रही है और ग्रुप फोटो खींचने के चक्कर में सब एक-दूसरे से सटकर खड़े हो जा रहे हैं।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने चेताया है कि अगर किसी ने भी प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना खाद्य सामग्री का वितरण किया और वितरण के दौरान सेल्फी, फोटोग्राफी की तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।