सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से निपटने के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार की है। 12 अलग-अलग टीम जिला स्तर पर गठित की गईं हैं जो प्रशिक्षण, सर्विलांस, जागरूकता, शंका-समाधान आदि कार्यों में अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। जिला अस्पताल और प्रत्येक सीएचसी-पीएचसी पर सर्दी, जुकाम के मरीजों के लिए अलग ओपीडी का इंतजाम है।
सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और चिकित्साकर्मी प्रशिक्षित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कुल नौ एलईडी वैन के जरिए कोरोना संबंधित प्रचार प्रसार हो रहा है। आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बीमारी के बारे में सचेत कर रही हैं। अगर कोई संदिग्ध केस मिलता भी है तो उसके लिए पर्याप्त एकांतवास वार्ड का इंतजाम है।
4 एलईडी वैन रवाना
दस्तक अभियान के तहत कोरोना वायरस और जेई-एईस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए सीएमओ कार्यालय से गुरूवार को चार अलग-अलग एलईडी वैन रवाना की गई। एसीएमओ डॉ आईबी विश्वकर्मा और डॉ नीरज कुमार पांडेय ने वैन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। जिला स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सूचना अधिकारी केएन बरनवाल ने बताया कि यह वैन निर्धारित गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।
सावधानी ही बचाव
- एक दूसरे से एक मीटर की दूरी पर रहें।
- खांसते, छींकते समय रुमाल या टीश्यू पेपर का इस्तेमाल करें।
- हाथों को साफ-सुथरा रखें। सैनेटाइजर का इस्तेमाल करें या फिर साबुन से हाथ धोएं।
- नाक, मुंह और आंख को हाथों से न छूएं।
- कोई शंका हो तो जिले में बने कंट्रोल रूम के नंबर 0551-2205145 पर सुबह 8 से रात 8 के बीच संपर्क करें।
- अति आवश्यक होने पर सीएमओ के सीयूजी नंबर 8005192660 पर संपर्क कर सकते हैं।
- सिर्फ सर्दी, जुकाम या बुखार होने पर अनावश्यक फोन करने से बचें। निकटतम चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।
- भीड़भाड़ से बचें और बहुत आवश्यक हो तो ही घर से बाहर निकलें।