गोरखपुर। माध्यमिक विद्यालयी मंडल स्तरीय बैडमिंटन व टेबल टेनिस प्रतियोगिता बुधवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर जनपद की टीम ने ओवरऑल चैंपियन का बनी।
अंडर-14 बालक वर्ग में गोरखपुर के अनुज यादव और आदर्श की जोड़ी ने देवरिया के जय चौरसिया और अंकित यादव को एकल व युगल मुकाबलों में पराजित किया। अंडर-17 बालक वर्ग में अनुराग यादव, दार्शिक गौड़, अखिल सिंह और शिव प्रताप गौड़ ने देवरिया के अंकित शर्मा, किशन, सुमित सिंह और किशन यादव को एकतरफा मुकाबले में हराया।
अंडर-19 बालक वर्ग में विवेक, शुभम, अंश मिश्रा और रवि अग्रहरि की टीम ने सीधे तीन सेटों के मुकाबले में देवरिया के अनुज राजभर, नवेश यादव, नीतीश यादव और आदित्य गुप्ता को मात देकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया।
बालिका वर्ग में भी गोरखपुर का दबदबा रहा। अंडर-14 में हेमा, लवली और राधा सिंह ने देवरिया की अन्नपूर्णा मिश्रा, शुभी त्रिपाठी और कशिश को सीधे सेटों में हराया। अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में भी गोरखपुर की टीम ने देवरिया को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन विवेकानंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरुणेंद्र राय, जय प्रकाश यादव, शक्ति पांडे, मोहन चौहान, सतीश शुक्ला, प्रत्यांजलि केसरवानी और वर्णिता कुमारी आदि मौजूद रहीं।