गोरखपुर-देवरिया जोन की 13 चीनी मिलों पर किसानों का 472 करोड़ रुपये बकाया
गोरखपुर। गोरखपुर-देवरिया परिक्षेत्र की 13 चीनी मिलों पर किसानों के गन्ना मूल्य का 472 करोड़ रुपये का बकाया है। इस बकाया भुगतान को लेकर किसान काफी दिनों से चीनी मिलों से लेकर गन्ना कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। किसानों की परेशानी को देखते हुए उप गन्ना आयुक्त ऊषा पाल ने दोनों परिक्षेत्रों की सभी चीनी मिलों को नोटिस देकर जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि चीनी की बिक्री से मिलने वाली रकम से सर्वप्रथम गन्ना किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाए।
गोरखपुर परिक्षेत्र की पांच चीनी मिलों पर 231.28 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया है। इसमें बस्ती जिले की रुधौली चीनी मिल पर सबसे ज्यादा 93.57 करोड़ रुपये का बकाया है। इस मिल ने सिर्फ 29.39 फीसदी किसानों का ही गन्ना मूल्य भुगतान किया है, जबकि परिक्षेत्र का औसत गन्ना मूल्य भुगतान 73.45 फीसदी है। गोरखपुर परिक्षेत्र में सबसे ज्यादा बस्ती की ही बभनान चीनी मिल ने भुगतान किया है। इस मिल ने 85.26 फीसदी गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। इसी तरह देवरिया परिक्षेत्र की चीनी मिलों पर 240.84 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। इस परिक्षेत्र का औसत भुगतान 81.57 फीसदी है। सर्वाधिक 94.10 फीसदी भुगतान ढाढ़ा बुजुर्ग चीनी मिल ने किया है। दूसरे नंबर सेवरही की चीनी मिल है, जिसने 89.17 फीसदी भुगतान किया है। देवरिया परिक्षेत्र में सबसे कम 45.01 फीसदी भुगतान, प्रतापपुर चीनी मिल ने किया है।
शासन के सहयोग से निरंतर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जा रहा है। अब तक पूरा भुगतान हो गया होता मगर कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से चीनी की मांग एवं बिक्री काफी प्रभावित हुई है, जिससे मिलों के सामने आर्थिक दिक्कतें हैं।
- ऊषा पाल, उप गन्ना आयुक्त गोरखपुर-देवरिया परिक्षेत्र
अगस्त में 66.90, सितंबर में 11.84 करोड़ का भुगतान
शासन के दबाव में गोरखपुर और देवरिया परिक्षेत्र की चीनी मिलों ने अगस्त महीने में जहां 66.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया, वहीं सितंबर में अब तक 11.84 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
गोरखपुर-देवरिया परिक्षेत्र की चीनी मिलों का हाल
जिला चीनी मिल गन्ना मूल्य भुगतान बकाया
महराजगंज सिसवा बाजार 95.99 81.44 14.55
बस्ती बभनान 357.36 304.69 52.67
बस्ती रुधौली 132.52 38.95 93.57
बस्ती मुण्डेरवा 139.86 105.47 34.86
गोरखपुर पिपराइच 145.23 109.61 35.62
कुशीनगर ढाढा बुजुर्ग 315.78 297.13 15.65
कुशीनगर रामकोला 267.48 226.61 40.87
कुशीनगर कप्तानगंज 141.46 102.17 24.38
कुशीनगर सेवरही 225.19 200.80 24.38
कुशीनगर खड्डा 81.51 68.34 12.14
देवरिया प्रतापपुर 64.94 29.23 35.71
मऊ घोषी 68.16 56.03 12.13
आजमगढ़ सठियॉव 141.94 85.28 56.66
(सभी आंकड़े करोड़ में)