गोरखपुर। 02वीं वाहिनी उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की ओर से आयोजित अंतर्व्यवस्थापन क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में गोरखपुर कोर्ट धुरंधर ने वाहिनी सुपर किंग्स को आठ विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता में आगे राह बनाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वाहिनी सुपर किंग्स की टीम विक्की माली की 40 रनों की पारी के बावजूद मात्र 67 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में गोरखपुर कोर्ट धुरंधर की टीम ने लक्ष्य को आठ विकेट शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शब्बीर अंसारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में वाहिनी किंग्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर कोर्ट धुरंधर की टीम ने दिलीप की सिर्फ सात गेंदों में 33 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। दिलीप को मैन आफ द मैच का पुरस्कार मिला।
अंतिम मुकाबले में वाहिनी सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 164 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में वाहिनी किंग्स इलेवन की टीम 140 रन ही बना सकी। इस मैच में शानदार ऑलराउंड खेल के लिए विक्की माली को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। इस दौरान वाहिनी के सहायक सेनानायक अभिनव यादव, सहायक सेनानायक सतीश चंद्र पांडेय समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।