पहली बार एक दिन में 137 कोरोना संक्रमित, दो की मौत
गोरखपुर। एक दिन में कोरोना संक्रमितों के मिलने का रिकार्ड शनिवार को टूट गया। 24 घंटे में ही 137 नए मरीज मिले हैं। एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह भी कोरोना पॉजिटिव मिल हैं। शहर क्षेत्र में ही 76 मरीज पाए गए। अब संक्रमित इलाकों को सैनिटाइज कराया जाएगा। इससे पहले एक दिन में 133 मरीज मिले थे। दूसरी तरफ दो कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। अब तक जिले में 2262 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इसमें से 934 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 1276 एक्टिव केस हैं। 52 की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के गनर पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसी बीच एमएलसी का बुखार आया तो उन्होंने 30 जुलाई को एहतियातन कोरोना की जांच कराई थी। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एमएलसी ने शनिवार को फातिमा हॉस्पिटल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया, फिर डॉक्टरों की सलाह पर होम आइसोलेट हो गए। इसी तरह बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक और डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिले हैं। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के तीन जवान, रोडवेज के आठ कर्मी और रेलवे चिकित्सालय के चार कर्मियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
झरना टोला, खूनीपुर, राप्तीनगर, हड़हवा फाटक, जटेपुर उत्तरी, लाजपतनगर, पुराना गोरखपुर, अशोकनगर, कान्हाबाग, इंदिरानगर, फुलवरिया, बसंतपुर, असुरन, दुर्गा चौक में एक-एक मरीज मिले हैं। इसके अलावा साहबगंज, सुमेर सागर, सिविल लाइन, मियां बाजार, एयरफोर्स, बेतियाहाता, भेड़ियागढ़, बिछिया, गोरखनाथ क्षेत्र में भी एक-एक मरीज मिले हैं। माया बाजार में तीन संक्रमित मिले हैं। रामगढ़ ताल, रामनगर, आवास विकास कॉलोनी, कूड़ाघाट, अहलदापुर और दाउदपुर में दो-दो संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी।
कोरोना की चपेट में पूरा परिवार
हुमायूंपुर में एक ही परिवार के चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक बुजुर्ग और 10 साल की बालिका शामिल है। इसी मोहल्ले का एक और मरीज कोरोना संक्रमित मिला है। रामगढ़ ताल के एक ही परिवार के दो लोग, अलहदादपुर में एक ही परिवार के दो लोग, कौड़ीराम में एक ही परिवार के तीन लोग, भरवल माफी में एक ही परिवार के पांच लोग, राघवनगर के एक ही परिवार के तीन लोग, आवास विकास कॉलेनी के एक ही परिवार के दो लोग, तारामंडल सिद्धार्थपुरम के एक ही परिवार के चार लोग, इसी मोहल्ले के एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमण से दो की मौत
शहर के प्रतिष्ठित भजन गायक नंदू मिश्रा के भाई अरुण मिश्रा (50) की शनिवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, उन्हें चार दिन पूर्व पनेशिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। भजन गायक के एक और भाई की मौत इसी सप्ताह हार्ट अटैक से हुई थी। उनपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दूसरी तरफ बिहार के सिवान के रहने वाले 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। वह बीते 28 जुलाई को भर्ती हुए थे। प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने बताया कि उन्हें अन्य बीमारियां भी थीं। शव को कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
इन ग्रामीण इलाकों में मिले मरीज
सीमएओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में भटहट के महुआ शुक्ल और जैनपुर में एक-एक, चरगांवा के सेमरा, जगंल धूषण और मोहरीपुर में एक-एक, चौरीचौरा के डुमरीखास में एक, गोला में एक, कौड़ीराम के बासुडीहा, रानीपुर में एक-एक मरीज संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा खजनी में एक, खोराबार के रानीडीह, दिव्यनगर, डांगीपार में एक-एक, नंदानगर में दो, सेमरादेवी प्रसाद में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। पिपराईच, मुंडेरी, ताजपिपरा चौराहा, वार्ड नंबर 12, सोनबरसा, पिपरौली के महावीर छपरा, सरदारनगर के शिवापुर, उरुवा के मसिडिया और बढ़यापार में भी संक्रमित मिले हैं।