पीएम ने दी कोरोना की चुनौती से लड़ने की ताकत : वीके सिंह
गोरखपुर। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र का विधानसभा सम्मेलन शनिवार से शुरू हो गया। केंद्रीय सड़क परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पहले दिन गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों ने कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने की ताकत दी है। अब भारत के पास पर्याप्त जांच की सुविधा है। इलाज के लिए अस्पताल हैं। पीपीई किट, मास्क बनाने में भारत आत्मनिर्भर बन गया है। संकटकाल में जरूरतमंदों को सहायता देकर बड़ी राहत पहुंचाई गई है।
भाजपा की गोरखपुर क्षेत्र इकाई से तीन मंडल (गोरखपुर, बस्ती व आजमगढ़) जुड़े हैं। इन मंडलों में 62 विधानसभा सीटें हैं। हर विधानसभा सीट का सम्मेलन होगा। अलग-अलग केंद्रीय या फिर यूपी के नेता, मंत्री सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
प्रवासी मजदूरों के हित में काम
प्रवासी मजदूरों के हित में काम किया जा रहा है। यूपी सरकार रोजगार दिलाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने 20 लाख करोड़ रुपये का राहत पैकेज देकर जरूरतमंदों का जीवन आसान बना दिया है।
बात सभी सरकारों ने की, काम पीएम ने किया
आत्मनिर्भरता की बात सभी सरकारों करते आईं हैं लेकिन आत्मनिर्भरता के ऊपर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया है। मधुमक्खी पालन, पशुपालन, मत्स्य पालन के माध्यम से किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं।
सम्मेलन की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने और आभार ज्ञापन ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा विधायक विपिन सिंह ने दिया। संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, महापौर सीताराम जायसवाल, महानगर कार्यसमिति के सदस्य विक्की कुकरेजा, मुरली चौरसिया, पीयूष मिश्र, समीर श्रीवास्तव, चिरंजीव चौरसिया, अंजू चौधरी, विश्व जितांशु सिंह, देवेंद्र पाल, राधेश्याम श्रीवास्तव, डॉ. सत्या पांडेय, देवेश श्रीवास्तव, शशिकांत सिंह, पद्मा गुप्ता, अवधेश अग्रहरी, रणविजय सिंह मुन्ना, दिनेश जायसवाल, रूपेश गुप्ता, सूर्य प्रकाश शर्मा, अमितेश्वर पांडेय, चंद्रपाल सिंह राही, छोटे लाल पासवान, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता, बृजेश मणि मिश्र और राहुल श्रीवास्तव मौजूद रहे।