कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में विज्ञान की शिक्षिका के रूप में 25 जनपदों में कार्यरत अनामिका शुक्ला के मिलने के बाद से बेसिक शिक्षा विभाग अलर्ट पर है। शासन के निर्देश पर विभाग की ओर से अपने यहां केजीबीवी में कार्यरत शिक्षकों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
खासकर अनामिका शुक्ला नाम के लोगों पर विभाग का फोकस है। अब तक जांच में कस्तूरबा विद्यालय में कोई अनामिका शुक्ला नाम की शिक्षिका नहीं मिली है। मगर बेसिक स्कूलों में इस नाम की शिक्षिका के मिलने का आसार है। जांच को लेकर बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद द्विवेदी का पत्र गोरखपुर भी पहुंच गया है।
प्रदेश में जरूरतमंद (कक्षा 6-8) की बालिकाओं के लिए लगभग हर ब्लॉक में केजीबीवी संचालित है। इनमें बच्चियों की पढ़ाई के साथ आवास की भी व्यवस्था है। जिले में ऐसे विद्यालयों की संख्या 20 है। इन विद्यालयों में संविदा पर 30 हजार रुपये मानदेय पर शिक्षिकाओं की नियुक्ति होती है।