ऑनलाइन देख सकेंगे आर्यनगर की रामलीला
गोरखपुर। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच श्रद्धालु घर बैठे आर्यनगर की रामलीला का आनंद उठा सकेंगे। श्री श्री रामलीला समिति, आर्यनगर की बैठक मंगलवार को आर्यनगर स्थित अग्रवाल भवन सभागार में हुई। बैठक के दौरान रामलीला कार्यक्रम की विवरणिका के साथ ही मंचन को ऑनलाइन देखने के लिए फेसबुक लिंक भी जारी किया गया।
बैठक में समिति के महामंत्री पुष्पदंत जैन ने बताया कि रामलीला के कार्यक्रम में 100 लोगों के सम्मिलित होने या बैठाने की ही अनुमति रहेगी। जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाएगा। समिति के प्रवक्ता विकास जालान ने बताया कि लीला मंचन के कार्यक्रमों को समिति के फेसबुक पेज, विनय गौतम के पेज व विकास जालान के पेज से लाइव प्रसारण किया जाएगा। दर्शक घर बैठे https://www.facebook.com/pg/ramlilaaryanaga, https://www.facebook.com/pg/vikasjalan82, और https://www.facebook.com/V7719 पर जाकर रामलीला का मंचन देख सकेंगे। साथ ही रोज की लीलाओं की झांकियों व चित्रों को भी अपलोड किया जाएगा। रामलीला के समस्त कार्यक्रम मानसरोवर मैदान में ही संपन्न होंगे। बैठक का संचालन राजीव रंजन अग्रवाल ने किया ।
बैठक में मनीष अग्रवाल सराफ, गोवर्धन दास अग्रवाल, गोवर्धन सिंह, कीर्ति रमण दास, राजेश छापड़िया, जितेंद्र नाथ अग्रवाल, अनुराग गुप्ता, कृष्ण तिवारी, रामजी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।