गोरखपुर एयरपोर्ट पर विमान और यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब वहां सुविधाएं बढ़ाने पर भी मंथन शुरू हो गया है। यात्री सुविधाओं के लिहाज से प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एयरपोर्ट के बाहर सड़क उस पार से टर्मिनल तक के लिए एक सब-वे बनाने की भी तैयारी है।
इस सब-वे के बन जाने से यात्री कई गेट से होकर गुजरने की जगह बाहर से ही टर्मिनल होते हुए रन-वे तक पहुंच जाएंगे। इस बदलाव से परिसर में भीड़ नहीं लगेगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान जो गाड़ियां परिसर में टर्मिनल तक जाती हैं, उससे भी यात्रियों को दिक्कत नहीं होगी।
परिसर में जो जगह बचेगी उसका इस्तेमाल बैठने के लिए किया जा सकेगा। सब-वे के पास ही चेक इन प्वाइंट पर यात्रियों की टिकट और सुरक्षा संबंधी जांच हो जाएगी। एयरपोर्ट प्रशासन, इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन से जमीन की मांग करेगा।