मोबाइल लौटाने के बाद ग्रुप फोटो के दौरान एसपी सिटी केके बिश्नोई और सीओ कैंट अंशिका वर्मा
- फोटो : अमर उजाला
जिले से गायब 267 एंड्रायड मोबाइल फाेन को पुलिस की सर्विलांस टीम ने केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल (सीईआईआर) की मदद से ढूंढ निकाला। यह महंगे एंड्रायड मोबाइल नोएडा, बेंगलुरु, कोलकाता और झारखंड तक पहुंच गए थे। इस्तेमाल कर रहे लोगों को चेतावनी देकर गोरखपुर पुलिस ने कूरियर से वापस मंगाया। इसमें कुछ आईफोन भी शामिल थे। पुलिस अब इसे बेचने वाले गैंग की तलाश कर रही है।
रविवार को पुलिस लाइंस में एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई और सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बरामद मोबाइल व आईफोन उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी ने बताया कि बरामद कुल मोबाइल फोन की कीमत करीब 43 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।
सीईआईआर पोर्टल से गायब मोबाइल खोजना आसान हो गया है। वर्ष 2023 में यह पोर्टल शुरू किया गया। अब तक 92,86,136 रुपये के 548 एंड्रायड मोबाइल सर्विलांस टीम बरामद कर चुकी है। दूसरे प्रदेशों के अलावा करीब 150 मोबाइल आसपास के जिले में इस्तेमाल करते हुए मिले हैं।
आप भी गायब मोबाइल करा सकते हैं ब्लॉक
अगर आपका मोबाइल फोन गायब या चोरी हो जाए तो सबसे पहले यूपी पुलिस के पोर्टल यूपी कॉप पर ऑनलाइन सूचना दर्ज कराएं। इसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर जाकर मोबाइल और आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराना होगा। इसके बाद गायब या चोरी किया गया मोबाइल फोन का कोई भी इस्तेमाल करेगा तो इसकी सूचना पोर्टल के माध्यम से संबंधित थाने की पुलिस को मिल जाएगी।
यहां कराएं ब्लॉक
सीईआईआर पोर्टल लिंक www.ceir.gov.in लिंक पर फार्म खुलेगा। जिममें मोबाइल का डेटा और अपना पता अपलोड करके फोन को ब्लॉक करा सकते हैं। शिकायतकर्ता गायब या चोरी किया मोबाइल फोन मिलने पर उसे सीईआईआर पोर्टल पर जाकर खुद ही अनब्लॉक भी कर सकता है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि यह पोर्टल बहुत ही मददगार है, इससे लगातार गायब मोबाइल फोन ढूंढकर निकाले जा रहे हैं। आमजन को भी मोबाइल गायब होने पर इस सीईआईआर पोर्टल की मदद लेनी चाहिए।