गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर सात पर ट्रेन के इंतजार में खड़े लोग।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर भारत में छाए घने कोहरे के चलते गोरखपुर से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। सुबह आने वाली गोरखधाम शाम को पहुंची तो वैशाली, बिहार संपर्क क्रांति समेत कई अन्य ट्रेनें घंटों देरी से गोरखपुर पहुंची। यहां से रवाना होने वाली ट्रेनों की भी कमोवेश यही स्थिति रही। ट्रेनों की लेटलतीफी और बसों की हड़ताल की वजह से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
सोमवार को भी दिल्ली से आने वाली ट्रेन लेट रहीं। गोरखधाम एक्सप्रेस सुबह 9:45 के बजाय शाम 6 बजे गोरखपुर स्टेशन पर पहुंची। वैशाली एक्सप्रेस भी सुबह 9:20 के बजाय दोपहर 12:30 बजे गोरखपुर पहुंची। इसी तरह बिहार संपर्क क्रांति भी रात में 12:55 बजे के बजाय सुबह 07 बजे पहुंची। दिल्ली के अलावा मुंबई से आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी कोहरे का असर पड़ रहा है।
मुंबई से आने वाली काशी एक्सप्रेस सात घंटे की देरी से चल रही है। इस ट्रेन को सोमवार शाम करीब 6 बजे गोरखपुर पहुंचना था, लेकिन उसके रात में एक बजे के बाद पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। गोरखपुर जाने वाली काशी एक्सप्रेस भी करीब 5 घंटे की देरी से रवाना हुई।