आरपीएफ ने संभाला मोर्चा, लाइन लगवाकर यात्रियों को चढ़ाया
गोरखपुर। गोरखपुर से बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस सोमवार को छूटने से पांच मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर आई। इससे ट्रेन में बैठने के लिए यात्रियों को धक्का-मुक्की करनी पड़ी। आरपीएफ ने जनरल कोच के सामने खड़ा होकर लाइन लगवाकर कोच में प्रवेश कराया। हालांकि, कुछ देर तक यात्री प्लेटफॉर्म पर परेशान रहे। ट्रेन करीब 22 मिनट की देरी से रवाना हुई।
गोरखधाम एक्सप्रेस प्लेटफाॅर्म नंबर 9 से रोजाना शाम 4:20 बजे रवाना होती है। ट्रेन रोजाना एक घंटे पहले प्लेटफॉर्म पर आ जाती है, लेकिन सोमवार को ट्रेन करीब 4:15 बजे आई। सबसे ज्यादा जनरल कोच के यात्रियों को दिक्कत हुई। गर्मी में परेशान यात्री ट्रेन के आते ही कोच में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े। जनरल कोच में आरपीएफ ने पहले से लाइन लगवाया था, कुछ लाइन तोड़कर कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगे। आरपीएफ और जीआरपी के सिपाहियों ने स्थिति संभाल ली और लाइन नहीं टूटने दी। ट्रेन शाम करीब 4.42 बजे रवाना हुई। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि गोरखधाम एक्सप्रेस देर से आई थी इसलिए देर से रवाना हुई। यात्रियों को लाइन लगवाकर चढ़ाया गया।