मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शिकायत मिलने के बाद एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने एसओ गोला संतोष यादव को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने एसओ के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश भी दिए हैं। तीन फरियादियों ने जनता दरबार में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद एसएसपी ने जांच कराई तो इन मामलों में एसओ की लापरवाही मिली।
जानकारी के मुताबिक, बीते सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार लगाया था। इस दौरान कई फरियादियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। देवरिया के एक मामले में मुख्यमंत्री ने डीआईजी को कार्रवाई के लिए कहा। डीआईजी ने तत्काल एसपी देवरिया को कार्रवाई का निर्देश दिया। देवरिया पुलिस ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया। उधर, गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र से तीन शिकायत मिलने पर सीएम के तेवर तल्ख हो गए थे।