गोरखपुर। गोड़धोइया नाला निर्माण कार्य के चलते पिछले करीब ढाई महीने से बंद शक्तिनगर और आदित्यपुरी क्षेत्र की पुलिया अब बनकर तैयार हो गई है। अब बस अप्रोच मार्ग और रेलिंग का काम बाकी है। दस दिनों में इसे बनाकर आवागमन के लिए खोलने की तैयारी है।
गोड़धोइया नाला निर्माण के कारण करीब ढाई महीने पहले शक्तिनगर, आदित्यपुरी और राजनगर की पुलिया तोड़ दी गई थी। ये तीनों पुलिया मेडिकल कॉलेज रोड को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग पर हैं, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। पुलिया टूटने के बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों को दो किमी से अधिक दूरी तय करना पड़ रहा था। कार्यदायी संस्था ने प्रारंभ में डेढ़ महीने के भीतर पुलिया निर्माण पूरा करने का दावा किया था, लेकिन तय समय सीमा से अधिक अवधि बीत जाने के बावजूद अब तक केवल शक्तिनगर और आदित्यपुरी कॉलोनी की पुलिया ही तैयार हो सकी है। राजनगर क्षेत्र की पुलिया का कार्य अभी शेष है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि पुलिया पर अप्रोच मार्ग तैयार करने और सुरक्षा के मद्देनजर रेलिंग लगाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। यदि कार्य निर्धारित समय में पूरा हो जाता है तो अगले 10 से 15 दिनों के भीतर इन मार्गों पर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।