बस्ती-मनकापुर के बीच ट्रायल में 128 किमी प्रति घंटे दौड़ी जीएम स्पेशल ट्रेन
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने शुक्रवार को गोरखपुर से गोंडा तक रेल लाइन, ब्रिज, स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और सफाई पर विशेष ध्यान देेने के साथ ही ट्रेनों को समय से चलाने का निर्देश दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे खुद इसकी निगरानी करें। इस दौरान बस्ती और मनकापुर के बीच 128 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से जीएम स्पेशल ट्रेन चलाकर ट्रायल किया गया।
गोरखपुर जंक्शन से सुबह नौ बजे रवाना हुई महाप्रबंधक निरीक्षण स्पेशल ट्रेन सीधे राप्ती ब्रिज पर रुकी। महाप्रबंधक ने ब्रिज और रेल लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने सहजनवां में स्टेशन और परिसर को देखा और प्लेटफ ॉर्म नंबर दो पर पानी की आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद मगहर और सहजनवां स्टेशन के बीच कसरवल रेलवे क्रासिंग पर बने अंडरपास का उद्घाटन किया। मगहर-खलीलाबाद के बीच कर्व संख्या 23 और क्रासिंग संख्या 176 सी का भी निरीक्षण किया। बेहतर ट्रेन संचलन के लिए इंटरमीडिएट ब्लाक हट का उद्घाटन किया।
निरीक्षण के दूसरे चरण में मुंडेरवा और बस्ती स्टेशन तथा सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। कर्मचारियों और अधिकारियों से वार्ता के दौरान कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में भी जानकारियां लीं। नागरिकों की मांग पर गेट संख्या 198 बस्ती शुगर मिल क्रासिंग पर फ्लाईओवर बनाने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण सुधांशु शर्मा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर एसके पांडेय, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूर संचार इंजीनियर श्रीकांत सिंह, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. एनके यादव, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक अनिल कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी शैलेंद्र कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक आलोक सिंह, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर बेचू राय, प्रमुख वित्त सलाहकार डॉ. एनपी पांडेय, मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
और जब जीएम ने रुकवा दी ट्रेन
जगतबेला और सहजनवां के बीच ट्रैकमैनों को देख महाप्रबंधक ने स्पेशल ट्रेन रुकवा दी। उन्होंने ट्रैकमैनों से उनकी समस्याएं पूछीं। अवगत होने के बाद शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ट्रैकमैनों को पुरस्कृत भी किया।
ढाई से 20 हजार तक दिए पुरस्कार
महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले ट्रैकमैनों, गेटमैनों, स्टेशन अधीक्षकों, मंडल वाणिज्य निरीक्षकों और सुपरवाइजरों को ढाई से 20 हजार रुपये तक नकद पुरस्कार दिया। बस्ती स्टेशन पर डीसीआई और उनकी टीम को 10 हजार रुपये और आरपीएफ को 20 हजार रुपये दिए।