-जिला महिला अस्पताल में मनाया गया कन्या जन्मोत्सव
-नवजात बच्चियों की माताओं को बेबी किट व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कैप देकर किया गया सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस साप्ताहिक आयोजन के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव के साथ जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तीकरण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा।
इस दौरान नवजात बच्चियों की माताओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कैप एवं बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बालिकाएं समाज की आधारशिला हैं, उनके संरक्षण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने बाल विवाह रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र बालिकाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में केक काटकर बेटियों के जन्म की खुशी मनाई गई। महिला कल्याण विभाग एवं जिला महिला अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी मौजूद रहे।