गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के एक गांव से दो दिन पहले घर से लापता हुई किशोरी बृहस्पतिवार को प्रेमी के साथ थाने पर पहुंची। आरोप लगाया कि वह बालिग है और उसकी मां उससे गलत काम (वेश्यावृति) कराना चाहती है। इस वजह से घर छोड़कर गई थी।
यह सुनने के बाद पुलिस वालों के भी होश उड़ गए। किशोरी के समर्थन में एक महिला नेत्री भी गई थीं। काफी समझाने पर भी जब किशोरी मां के साथ जाने को तैयार नहीं हुई तो उसे पुलिस ने नेत्री को सुपुर्द कर दिया।
उधर, प्रेमी की पत्नी किशोरी के घर पर जाकर पति को भगाने का आरोप उसकी बेटी पर लगा रही है। दरअसल, किशोरी जिसके साथ प्रेम का दावा कर साथ रहने की जिद कर रही है, वह दो बच्चों का पिता है।