सहजनवां इलाके की घटना, केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
सहजनवां (गोरखपुर)। इलाके के एक गांव में रोजा इफ्तार करने जा रही युवती से मनबढ़ों ने छेड़खानी की। साथ में मौजूद भाई ने विरोध किया तो मारपीट हो गई। आरोप है कि पांच मनबढ़ों ने भाई-बहन को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
घटना सोमवार की है। युवती कहीं से घर की ओर लौट रही थी। उसे इफ्तार करने के लिए सामान लाना था। आरोप है कि उसे रास्ते में रोककर पांच युवकों ने छेड़खानी शुरू कर दी। शोर सुनकर भाई भी दौड़ा पड़ा और विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद मनबढ़ों ने भाई-बहन की पिटाई शुरू कर दी।
आसपास के लोग एकत्र हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर निखिल चौहान, सरवन चौहान, प्रदुम, सुनकाहे पर छेड़खानी, मारपीट व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।