एक मंच पर मिली कारोबार शुरू करने की पूरी जानकारी तो राह हुई आसान
गोरखपुर। शहर की 35 महिलाओं ने अपने कदम स्वरोजगार की ओर बढ़ा दिए हैं। अपने हुनर और शौक को एक मंच देने के साथ ही वे दूसरों को रोजगार देने वाली बनना चाहती हैं। इसी सोच के साथ यूथ अड्डा में लगे उद्यमी मेले में उन्होंने पंजीकरण कराया है।
यहां मौजूद महिलाओं का कहना था कि कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचने के लिए और जानकारी के अभाव में उन्होंने कभी पहल नहीं की। उद्यमी मेले में आकर उन्होंने जाना कि विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और उद्यम स्थापना में किस तरह से मदद मिल सकती है।
महिला उद्यमी संगीता पांडेय ने बताया कि पहले व्यवसाय शुरू करने, ऋण प्राप्त करने या सरकारी योजनाओं की जानकारी जुटाने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार सही मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण वे अपने उद्यम की शुरुआत नहीं कर पाती थीं। यूथ अड्डा के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर विशेषज्ञों से सलाह, योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा मिल रही है, जिससे उनका समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं।
मेले में पंजीकरण कराने के बाद अर्चना छाबड़िया ने कहा कि मेले में हमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, स्वरोजगार योजनाओं, स्टार्टअप पंजीकरण, बैंक ऋण तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को अपने कौशल के आधार पर छोटे उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प और ऑनलाइन व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आयोजक रजत त्रिपाठी ने बताया कि यूथ अड्डा का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना है। आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।