अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बुधवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चिलुआताल थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 8.5 एकड़ भूमि को अवैध कब्जे और प्लाटिंग से मुक्त कराया गया।
यह अभियान जीडीए के प्रभारी विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम के नेतृत्व में संचालित हुआ। मौके पर सहायक अभियंता राज बहादुर सिंह, धर्मेश, अवर अभियंता प्रभात कुमार, धर्मेंद्र गौड सहित प्रवर्तन स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट और क्षेत्रीय पुलिस बल ने कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। अभियान के तहत ग्राम महुवा खास और ग्राम अमवों में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। महुवा खास में अशोक कुमार की तीन एकड़ भूमि, जबकि अमवों में सौरभ की 2.5 एकड़, वरुण कुमार व अन्य की एक एकड़ और राजू व अन्य की करीब दो एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को हटाया गया। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र किसी भी प्रकार की प्लाटिंग स्वीकार्य नहीं है और आगे भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।