आवासीय नक्शे पर व्यावसायिक प्रयोग करने के आरोप में हुई थी कार्रवाई
डॉक्टर संतोष शंकर रे जमा कराएंगे शमन शुल्क, तब मिल पाएगी पूरी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दाउदपुर स्थित रे अस्पताल के भूतल की सील सोमवार को जीडीए टीम ने खोल दी। डॉक्टर संतोष शंकर रे इसमें क्लीनिक चला सकेंगे। जीडीए ने मानचित्र के खिलाफ आवासीय परिसर का व्यावसायिक प्रयोग करने के खिलाफ शमन कराने की शर्त रखी है। फिलहाल, डॉक्टर अपने भवन का प्रयोग अस्पताल संचालन में नहीं कर सकेंगे। वह सिर्फ ओपीडी में मरीज ही देख पाएंगे।
डॉक्टर संतोष शंकर रे के खिलाफ हुई एक शिकायत के आधार पर जीडीए की टीम ने कार्रवाई की थी। 13 जून को उनके भवन का भूतल और प्रथम तल का आंशिक हिस्सा सील किया गया था। उन पर आरोप लगा था कि वह आवासीय मानचित्र के आधार पर बने भवन का व्यवसायिक उपयोग कर रहे हैं। डॉक्टर के खिलाफ हुई कार्रवाई पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई थी। डॉक्टरों ने प्रतिनिधिमंडल ने जीडीए उपाध्यक्ष से मिलकर सील खोलने की अपील की।
जीडीए के नियमों के अनुसार आवासीय भवन के 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल तक परिसर को ओपीडी के रूप में प्रयोग में लाया जा सकता है। इसी आधार पर सोमवार को भूतल पर सील किए गए 26.55 वर्ग मीटर क्षेत्रफल को जीडीए टीम ने खोल दिया गया। इस संबंध में जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष के निर्देश पर सील खोलने की कार्रवाई की गई है।