गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान चलाया गया। प्राधिकरण की टीम ने 7.5 एकड़ भूमि को अवैध कब्जे और प्लाटिंग से मुक्त कराया।
एम्स थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रामपुर में शिव विहार आवासीय योजना के नाम पर अंबरीश सिंह की ओर से की गई लगभग 1.5 एकड़ भूमि की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार ग्राम चनकापुर, कुशीनगर रोड पर सफी अहमद और प्रशांत सिंह की ओर से विकसित चार एकड़ एवं ग्राम मठिया बुजुर्ग, शिव शक्ति नगर में विजयंत की ओर से की गई लगभग दो एकड़ अवैध प्लाटिंग गिरा दी गई।
प्रभारी/ विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता प्रवीण गुप्ता, सहायक अभियंता धर्मेश, राजबहादुर सिंह, अवर अभियंता धर्मेंद्र गौड़, प्रभात कुमार, प्रवर्तन दल ने जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय पुलिस बल और पीएसी के सहयोग से यह कार्रवाई की। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 के अंतर्गत ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो