2020 में 10.63 करोड़ की लागत से राजघाट पर स्थापित हुआ था, निशुल्क दाह संस्कार की थी सुविधा
- -ग्रीन रेवोल्यूशन फाउंडेशन को दिया गया है संचालन का जिम्मा, 1800 रुपये प्रति शव भुगतान करता है नगर निगम
गोरखपुर। प्रदूषण मुक्त अंतिम संस्कार की सुविधा देने के लिए राजघाट पर 10.63 करोड़ रुपये खर्च कर बनाया गया गैसीफायर शवदाह गृह करीब एक साल से बंद पड़ा है। संयंत्र में खराबी आने के बाद उसे ठीक नहीं कराया गया। लोगों को फिर लकड़ी से ही दाह संस्कार करना पड़ रहा है। अब नगर निगम इसी परिसर में करीब 4.5 करोड़ रुपये से इलेक्ट्रिक शवदाह गृह स्थापित करने की तैयारी कर रहा है।
वर्ष 2020 में राप्ती नदी स्थित राजघाट पर 10.63 करोड़ रुपये की लागत से गैस आधारित शवदाह गृह स्थापित तैयार किया गया था। एलपीजी से चलने वाली भट्ठी में करीब 40 मिनट में अंतिम संस्कार हो जाता है। चिमनी के जरिए धुएं को प्रदूषण मुक्त करने की व्यवस्था है। जानकारों के मुताबिक, शुरुआत के कुछ समय बाद ही संयंत्र में तकनीकी खराबियां आने लगीं। मरम्मत के बाद कभी-कभार चलता था नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि बीते वर्ष बगल में सेतु निगम की ओर से सड़क चौड़ीकरण का निर्माण कार्य कराया गया। मशीनों के चलने से गैसीफायर संयंत्र के कुछ हिस्सों में खराबी आ गई।
-
मुफ्त थी सुविधा, अब लकड़ी का खर्च
अंत्येष्टि स्थल का संचालन ग्रीन रेवोल्यूशन फाउंडेशन को दिया गया है। यहां मुफ्त शवदाह की सुविधा थी। इसके एवज में नगर निगम संस्था को प्रति शव 1800 रुपये का भुगतान करता है। गैसीफायर बंद होने से परिजन को लकड़ी की व्यवस्था खुद करनी पड़ रही है। मामा के अंतिम संस्कार में अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचे सुमित राय ने बताया कि हमें पता था कि गैसीफायर संयंत्र चल रहा है लेकिन यहां बताया गया कि बंद है। अब लकड़ी का इंतजाम करने जा रहा हूं। वहीं, रमेश कुमार ने बताया कि करीब तीन हजार रुपये की लकड़ी खरीदनी पड़ी। यदि गैस आधारित शवदाह गृह चलता तो यह खर्च नहीं उठाना पड़ता।
- सेतु निगम की ओर से निर्माण कार्य के दौरान गैसीफायर शवदाह गृह के संयंत्र में तकनीकी खराबी आई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संयंत्र को ठीक करवाया जाएगा। अब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक शवदाह गृह स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
अमित शर्मा, मुख्य अभियंता नगर निगम
- सड़क चौड़ीकरण के दौरान संयंत्र के एक पार्ट में दिक्कत आई थी। करीब एक वर्ष से संयंत्र बंद है। फिलहाल बगल में बने लकड़ी वाले शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।
-अभिषेक कुमार, केयरटेकर, ग्रीन रेवोल्यूशन फाउंडेशन
-
कोट
गैसीफायर संयंत्र की खराबी को ठीक कराकर चालू कराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। ये संयंत्र प्रदूषण मुक्त होने के साथ ही लोगो की आर्थिक बचत करता है।
अजय जैन, नगर आयुक्त