खबर का असर: डीबी इंटर कॉलेज के सामने से हटा कूड़ा। सोमवार को नजर आई सफाई।
गोरखपुर। शहर की मुख्य सड़कों के अलावा अब गली-मोहल्लों में भी सफाई व्यवस्था सुधर गई है। अफसरों की सख्ती के बाद यहां भी कूड़ा उठने लगा है। दोपहर बाद इन इलाकों में टीमें भेज कर जांच भी कराई गई। नगर निगम के अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर रोजाना सुबह निरीक्षण कर रहे हैं। दो दिनों में शहर के जिन मोहल्लों में नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया था, वहां की पड़ताल की गई। जिसमें हर जगह गंदगी मिली थी। कई जगहों पर तो सफाई कर्मचारी पहुंचे ही नहीं थे। सिविल लाइंस, बेनीगंज मोहल्ले के डीबी इंटर कॉलेज के सामने, बेतियाहाता में जगह-जगह कूड़े के ढेर मिले थे। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार की सुबह से ही अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई। जिसका असर भी देखने को मिला, सभी जगहों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि मोहल्लों में जाकर सफाई की स्थिति देखें।
-
कोट
साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसे लेकर सभी कर्मचारियों को हिदायत दी गई है। सफाई व्यवस्था की जांच भी कराई जाएगी।
- डॉ. मणि भूषण तिवारी, सहायक नगर आयुक्त