गोरखपुर। बारिश के दौरान गांधी प्रतिमा टाउनहॉल से विजय चौक तक होने वाले जलभराव से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम अब मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत इस 1250 मीटर लंबे मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
करीब 14.58 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत सड़क को चेन्नई और बंगलूरू की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों के लिए छह इंच ऊंचे फुटपाथ बनाए जाएंगे। फुटपाथ के नीचे नाली, बिजली के तारों के लिए डक्ट, पेयजल और गैस पाइपलाइन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे भविष्य में मरम्मत के दौरान सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
परियोजना में जलापूर्ति व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा, जिस पर करीब 1.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा विजय चौक से अग्रसेन तिराहे तक सड़क के सौंदर्यीकरण के बाद इसे वन-वे किए जाने की भी योजना है, जिससे यातायात जाम की समस्या कम होगी।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि इस मार्ग पर वाहनों और राहगीरों का दबाव काफी अधिक रहता है। पहले निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका था लेकिन ठेकेदार के निधन के कारण प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ी। नई एजेंसी का चयन अंतिम चरण में है। निर्माण एजेंसी सड़क निर्माण के बाद पांच वर्ष तक उसके अनुरक्षण (मेंटेनेंस) की जिम्मेदारी भी निभाएगी।