गोरखपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये जालसाजी का मामला सामने आया है। एडीजी के आदेश पर कैंट थाने की पुलिस ने सर्वेश कुमार व अनुपम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, भिंडिया बड़ा चांदगंज निवासी अरुण कुमार ने तहरीर में बताया है कि वह 2010 में चिनहट लखनऊ के अमेटी यूनिवर्सिटी में कार्यरत थे। वहीं पर उनकी मुलाकात सर्वेश कुमार से हुई।
सर्वेश ने कहा कि उनका एक परिचित है जो रेलवे में नौकरी दिला देगा। जिसके बाद अरुण ने अपनी पत्नी वंदना श्रीवास्तव व साले मोहित की नौकरी के लिए 14 लाख रुपये सर्वेश के कहने पर अनुपम के एकाउंट में भेज दिया। बाद में दोनों ने उसे सैलरी स्लिप दी जो फर्जी निकली।
एडीजी के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में मामला सही पाए जाने पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस अब केस दर्ज कर जांच कर रही है। ब्यूरो
......
जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पे
गोरखपुर। एम्स इलाके के गायत्री नगर निवासी आर्मी जवान संजीत की पत्नी बबिता मिश्रा से एक प्रापर्टी डीलर ने जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये हड़प लिए। बबिता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से जनता दर्शन में की, जिसके बाद एम्स पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बबिता मिश्रा मूल रूप से छपरा बिहार की रहने वाली हैं और एम्स के गायत्री नगर में मकान बनवाकर रहती हैं। उनके पति संजीत थल सेना में हैं और वर्तमान में लेह में तैनात हैं। बबिता का कहना है कि मूल रूप से देवरिया के सलेमपुर निवासी उदय नारायण यादव लखनऊ में रहता है।
आरोप है कि उसने कुछ वर्ष पहले रामगढ़ उर्फ रजही में जमीन दिखाई और एडवांस छह लाख रुपये लिया। बाद में जमीन विवादित निकली। तब उदय नारायण ने एक लाख वापस किया, लेकिन बाकी पांच लाख नहीं दे रहा है और मांगने पर धमकी दे रहा है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है। ब्यूरो