समय के साथ-साथ हर चीज में बदलाव होता है। यह एक अच्छी चीज है जिसे अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। सिंगिंग में भी पहले की तुलना में काफी बदलाव हुए लेकिन आज चाहे जेन-जी हों या फिर अनुभवी पीढ़ी। मेलोडी सबको पसंद है। मधुर संगीत सभी के दिल को छू लेता है।
यही कारण है कि आज रील्स पर भी इस तरह के गाने काफी ट्रेंडिंग में होते हैं। एक कलाकार सभी वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर कोई भी गाना बनाता है। इसीलिए उसे हर वर्ग के लोग पसंद करते हैं।
ये बातें बॉलीवुड गायक अमित मिश्रा ने कहीं। वे शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गोरखपुर आए थे। अमर उजाला से खास बातचीत के दौरान उन्होंने संगीत और अपने कॅरियर के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि बचपन से ही क्लासिकल संगीत का प्रशिक्षण लिया था।
इसलिए किसी भी तरह के गीत को गाने में परेशानी नहीं हुई। अपने हिट गाने बुल्लेया, सौ तरह के रोग, गलती से मिस्टेक, डिंग डैंग के बारे चर्चा करते हुए कहा कि श्रोता आज भी इन्हें काफी पसंद करते हैं। अमित ने हाल ही में वरुण धवन की फिल्म ‘’सन्नी संस्कारी की तुलसी कुमारी’’ में इश्क मंजूर गाने को अपनी आवाज दी है।